ललितपुर
भगवान परशुराम मानवता के रक्षक व न्याय के प्रतीक
हनुमान धारा मंदिर में गूँजा जय परशुराम, धूमधाम से मनी जयंती

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। सर्व ब्राह्मण विकास परिषद के तत्वावधान में अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर भगवान श्रीपरशुराम जन्मोत्सव स्थानीय हनुमान धारा मंदिर परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान रहा। समारोह का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। परिषद के पदाधिकारियों और उपस्थित विप्र बंधुओं ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उन्हें शास्त्र और शास्त्र का समन्वय बताया। सामाजिक एकता पर बल देते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के रक्षक और न्याय के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में समरसता और शक्ति का संचार किया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर भगवान परशुराम की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के पश्चात उपस्थित जनसमूह को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान परिषद के पदाधिकारी अजय तिवारी नीलू, अशोक रावत, सुबोध गोस्वामी, क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय रावत, कमलेश गोस्वामी, दीपेश तिवारी, सुनील नगायच, गिरजा शंकर दुबे, शिवशंकर दुबे, दिलीप तिवारी, सुधीर अवस्थी, अरविन्द लिटोरिया, संगीता गोस्वामी, नेहा तिवारी, ऋतु समाधिया, वंदना तिवारी, ममता तिवारी, राजकुमारी दुबे, आशा कौशिक, अर्चना रावत, मंजू तिवारी, नीलू बबेले सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



