बरेली

उर्से ताजुश्शरिया को लेकर व्यवस्थाओं व तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई संपन्न 

साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण परिवेश में आयोजित हो उर्स, कोई नई परंपरा ना शुरू की जाए

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी, पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा 24 व 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले उर्से ताजुश्शरिया में कानून एवं शांति व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के दृष्टिगत आयोजकों तथा पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आज पुलिस लाइन स्थित सभागार में बैठक संपन्न हुई।
सर्वप्रथम विगत 09 अप्रैल 2026 को हुई बैठक में जो कमियां या आवश्यकताएं बतायी गयी थी उस पर कार्य हो गया या नहीं, के सम्बन्ध जानकारी ली गयी।
बैठक में सम्बंधित अधिकारियों द्वारा अपनी-अपनी तैयारियों के बारे में जानकारी दी गयी। पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा बताया गया कि झुमका तिराहा, परसाखेड़ा, कुदेशिया अण्डर पास, नैनीताल रोड आदि रूटों पर डायवर्जन किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 102/108 एम्बुलेंस व मेडिकल मोबाइल यूनिट के साथ ही स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि उर्स के दृष्टिगत तीन सुपर जोन, पांच जोन तथा 13 सेक्टर जोन के स्ट्रक्चर में ड्यूटियां लगाई जा रही हैं।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि आयोजकों और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की पूरी जिम्मेदारी है कि उर्स को सकुशल सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई नई परम्परा ना डाली जाए, जिससे जनपद का माहौल खराब ना हो।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि बैठक का उद्देश्य यह है कि कोई ऐसी चीज ना हो जो अकस्मात किसी एक की नासमझी से व्यवधान उत्पन्न हो जाए, इस दृष्टिकोण से तैयारी करें। उन्होंने कहा कि मुख्य बात है कि 25 अप्रैल को उर्स और होमगार्ड भर्ती परीक्षा भी है। अतः वालंटियर/पुलिस/यातायात पुलिस परीक्षार्थियों को समय से निकाले, जिससे वह अपने परीक्षा केन्द्रों पर समय से पहुंच जाएं। पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि 24 व 25 अप्रैल 2026 को उर्स तथा 25, 26 व 27 अप्रैल 2026 को होमगार्ड भर्ती परीक्षा है इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों की मरम्मत, पानी की व्यवस्था, मेडिकल कैम्प, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था, ट्रफिक व्यवस्था आदि पर कार्य कराया गया है और यदि कहीं कोई कमी हो तो अवगत कराया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि गैर परम्परागत चीजों की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा बाकी पुलिस का पूरा सहयोग रहेगा। ट्रैफिक व्यवस्था में जो गाड़ियां आगे तक जानी है उनका पास जारी करवा लें चूंकि 25, 26 व 27 अप्रैल 2026 को होमगार्ड भर्ती परीक्षा है अतः 25 अप्रैल को इसका विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक साउथ अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक देहात मुकेश चन्द्र मिश्र, पुलिस अधीक्षक क्राइम मनीष सोनकर, पुलिस अधीक्षक यातायात मो0 अकमल खान सहित पुलिस/प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button