जालौन
चार धाम यात्रा पर निकले संत-महंत का कुठौंदा में हुआ भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के चार अलग-अलग मंदिरों के संत-महंतों के चार धाम यात्रा पर रवाना होने के अवसर पर ग्राम कुठौंदा में शुक्रवार, 24 अप्रैल को भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस पावन अवसर पर महंत रामेश्वर दास (कुठौंदा), महंत सत्यनारायण (सिकरी राजा), महंत विशंभर दास (खनैता), संत संतराम (रेढ़र) सहित अनेक श्रद्धालु चार धाम यात्रा के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम में यात्रियों को आशीर्वाद देने हेतु स्थानीय संत-समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से महामंडलेश्वर निर्भय दास दूधाधारी महाराज, मंडलेश्वर रामकरन दास जी महाराज, मंडलेश्वर सिद्ध रामदास जी महाराज, मंडलेश्वर शिव शंकर दास जी महाराज, मंडलेश्वर गोपाल दास जी महाराज तथा मंडलेश्वर वीरू दास जी महाराज सहित अनेक साधु-संत एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी संत-महंतों और श्रद्धालुओं का माल्यार्पण, तिलक एवं भेंट देकर सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने यात्रा की सफलता एवं मंगलमय होने की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

