शामली

शामली में “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान की सख्ती, 247 वाहनों के चालान

बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं, नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
शामली। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान अब सख्त कार्रवाई के दौर में पहुंच गया है। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में सोमवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
यातायात निरीक्षक निधि चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक, शिव चौक, अंजता चौक व रोडवेज बस अड्डा समेत प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा अन्य यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि बिना हेलमेट वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पेट्रोल पंप संचालकों को भी इस नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट महज चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है।
विशेष अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 247 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 207 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के पाए गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल तथा ओवरस्पीडिंग को गंभीर खतरा बताते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button