ललितपुर
पीडि़त को मिले त्वरित न्याय, शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर हो शिकायत का निस्तारण : डीएम
दैनिक जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं का मौके पर ही कराया निस्तारण

दूरभाष पर सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को दिये निस्तारण के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। शासन के निर्देशानुसार गरीब, असहाय व जरुरतमंदों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण न्याय मिले, इसके लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पूरी तहर से प्रतिबद्ध हैं और प्रतिदिन नियमित रुप से अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर दूरदराज से आने वाले फरियादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराते हैं, इसी के क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी ने अपनी नियमित जनसुनवाई में अनेकों फरियादियों की समस्याओं का सम्बंधित अधिकारियों से दूरभाष पर सीधे निर्देशित कर निस्तारण कराया। डीएम ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराकर जनता को राहत देना है। पीडि़त की समस्या का समाधान उनकी संतुष्टि के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच सके। उन्होंने यह भी निर्देश जारी किये हैं कि वंचित ग्रामों में अपने विभागीय कैम्प लगाकर पात्रों का चयन करें और प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलायें। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से सम्बंधित जनशिकायतें आयीं, जिन्हें जिलाधिकारी ने मौके पर ही सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित कर निस्तारित कराया। जनसुनवाई के दौरान विकास खण्ड मड़ावरा के ग्राम बम्बौरी निवासी सोवरन सिंह ने बताया कि उनकी फसल अतिवृष्टि/ओलावृष्टि से नष्ट हो गई थी, बीमा का ऑनलाइन आवेदन करने पर भी बीमा कम्पनी क्लेम नहीं कर रही है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर अवगत कराने के निर्देश दिये। इसी प्रकार जण्डेल सिंह निवासी मऊमाफी ने विपक्षियों द्वारा उनके आवासीय पट्टे की जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी उप जिलाधिकारी सदर और चकबंदी अधिकारी को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। ग्राम दैलवारा निवासी हरनाम सिंह ने अपनी बीमारी के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाये जाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए। इसी दौरान पत्रकार पवन संज्ञा ने ग्राम पंचायत कुआगांव तहसील महरौनी की पीडि़त महिलाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए बताया कि गांव के ही दबंगों ने के आवासीय पट्टों की भूमि पर रखे निर्माण सामग्री को हड़प लिया है और अपने भवन बनवा रहे हैं, पूर्व में की गई शिकायत पर उप जिलाधिकारी महरौनी ने टीम भेजकर निर्माण रुकवाया था, परन्तु दबंगों ने पुन: निर्माण शुरू कर दिया है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल उप जिलाधिकारी और तहसीलदार से दूरभाष पर वार्ता कर मौके पर टीम भेजकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।


