अमरोहा
ढबारसी में अवैध पनीर फैक्ट्री पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
225 किलो पनीर व 360 लीटर तैयार दूध नष्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा l हसनपुर तहसील क्षेत्र के ढबारसी कस्बे में सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने एक अवैध पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान टीम ने मौके से करीब 360 लीटर दूध पाउडर से तैयार दूध, 225 किलोग्राम पनीर तथा तीन पैकेट दूध पाउडर बरामद किया। जब्त सामग्री को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पनीर कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार मनोज कुमार, लेखपाल जितेंद्र सिंह तथा ढबारसी पुलिस चौकी प्रभारी रामनिवास यादव की मौजूदगी में प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। जांच में संचालक के पास खाद्य कारोबार से संबंधित आवश्यक पंजीकरण एवं अन्य वैध दस्तावेज नहीं मिले। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि दूध पाउडर से तैयार दूध का उपयोग कर पनीर बनाकर बाजार में बेचा जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। उत्पादन स्थल पर गंदगी, टूटा हुआ फर्श, पनीर पर मक्खियां भिनभिनाती मिलीं तथा दूषित पानी जमा था। गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अस्वच्छ वातावरण में तैयार किए जाने वाले खाद्य पदार्थ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



