साहेबगंज
आंगनबाड़ी सेविकाओं ने समाज कल्याण पदाधिकारी को सौंपा पांच सूत्री ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज बकाया मानदेय और पोषाहार भुगतान को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं का आक्रोश फूट पड़ा।
साहिबगंज झारखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सोमवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार पहल करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शबाना आजमी ने की, जबकि बड़ी संख्या में सेविकाएं उपस्थित रहीं।ज्ञापन में सेविकाओं ने जनवरी 2026से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान,जून2026से एरियर राशि का भुगतान,पोषाहार मद की बकाया राशि, अंडा मद की लंबित राशि तथा जून2026से पोषाहार चावल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई।सेविकाओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।स्थिति यह है कि कई आंगनबाड़ी केंद्र बंद होने के कगार पर पहुंच चुके हैं।उन्होंने कहा कि केंद्रों के संचालन को जारी रखने के लिए उन्हें स्थानीय दुकानदारों से उधार लेकर बच्चों के लिए पोषाहार की व्यवस्था करनी पड़ रही है।प्रदर्शन कर रही सेविकाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगी।उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु लंबित भुगतान तत्काल किया जाए,ताकि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित न हों।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सेविकाओं ने एक स्वर में कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में उनकी अहम भूमिका है,लेकिन लगातार उपेक्षा के कारण उनका मनोबल टूट रहा है।उन्होंने जल्द समाधान की उम्मीद जताई।इस अवसर पर सेविका रचना देवी,गीतू शर्मा,गीता देवी,सोनी खातून,शबनम आरा,नीलम ठाकुर,कश्मीरा आनंद सहित सैकड़ों सेविका उपस्थित हुई



