बरेली
लखनऊ पब्लिक स्कूल की नई शाखा का शुभारंभ सेक्टर 3 रामगंगानगर में होगा आज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में एक और सशक्त कदम बढ़ाते हुए लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेस अपनी 16 वीं नवीन शाखा का शुभारंभ बरेली में करने जा रहा है। सेक्टर-3, रामगंगानगर आवासीय योजना में नवनिर्मित लखनऊ पब्लिक स्कूल, बरेली शाखा का उद्घाटन 30 अप्रैल 2026, अपरान्ह 4:00 बजे उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के कर-कमलों द्वारा संपन्न होगा।
इस गरिमामयी अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही कार्यक्रम में छत्रपाल सिंह गंगवार (सांसद, बरेली), नीरज मौर्य (सांसद, आंवला), डॉ. उमेश गौतम ( महापौर, बरेली), रश्मि पटेल (जिला पंचायत अध्यक्ष), प्रो० के. पी. सिंह कुलपति, महात्मा ज्योतिबा फुले, रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली,अनूप पटेल (प्रदेश अध्यक्ष, जदयू), तथा कांति सिंह (पूर्व एमएलसी) सहित अनेक विशिष्ट जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
देश के प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. एस.पी. सिंह. पटेल (सांसद-प्रतापगढ़) द्वारा एक प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी गई उन्होंने बताया वर्ष 1983 में स्थापित लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेस समूह आज शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, अनुशासन और नवाचार का पर्याय बन चुका है। उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली में इसकी शाखाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं और बरेली शाखा इस समूह की 16वीं कड़ी के रूप में जुड़ रही है। संस्थान की प्रमुख उपलब्धियां—
यूपी बोर्ड में 11 बार शीर्ष स्थान प्राप्त,
विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में इंडिया टॉपर, प्रदेश टॉपर, एवं जिला टॉपर देने का गौरव,
इसके अतिरिक्त आई.ए.एस., आई.पी.एस., आई.एफ़.एस., आई.आर.एस., देश-विदेश में डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक एवं प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। इसरो जैसे संस्थानों में भी पूर्व छात्र अपनी सेवाएं दे रहे हैं।



