नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर की सुंदरता और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सुम्मेरा तालाब पर स्थापित म्यूजिकल फाउंटेन और मंदिर के पास घाट पर श्रद्धालुओं के लिए टीन शेड का भव्य उद्घाटन सदर विधायक रामरतन कुशवाहा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र उत्सव जैसा माहौल लिए हुए नजर आया और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्य अतिथि सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने फीता काटकर इसे जनता को समर्पित किया। मौके पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, जिलाध्यक्ष हरीशचंद्र रावत, नपाध्यक्ष सोनाली जैन, प्रदीप चौबे, श्रीकांत सहित, दिनेश शर्मा ,मनोज गिरी, अरविन्द संज्ञा, रज्जन चौबे, महन्त नितिन गिरी, अनिल गिरी, रजत गिरी, मनीष पाठक, आशीष तिवारी कई गणमान्य व्यक्ति, पार्षदगण और शहर के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि सुम्मेरा तालाब पर म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण शहर के विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने नगर पालिका की इस पहल की प्रशंसा की। नपाध्यक्ष ने बताया कि सुम्मेरा तालाब लंबे समय से शहर की पहचान रहा है और अब यहां म्यूजिकल फाउंटेन स्थापित होने से इसकी महत्ता और भी बढ़ गई है। उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नगर पालिका के प्रयासों की सराहना की। जिला अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य शहर को नई पहचान देते हैं और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सुम्मेरा तालाब पर इस प्रकार की सुविधा पहले कभी नहीं थी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।



