जालौन
शादी में चाचा को न बुलाने का विवाद बना तकरार का कारण, भतीजों ने घर का गेट वेल्ड कर जड़ा
बारात लेकर झांसी गए थे परिवारजन, लौटने से पहले पुलिस ने खुलवाया बंद गेट एक आरोपी गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जालौन (उरई)। नगर के मोहल्ला नरोभास्कर में पारिवारिक विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब बेटे की बारात लेकर झांसी गए परिवार के पीछे घर के मुख्य लोहे के गेट को वेल्डिंग कर बंद कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बंद गेट को खुलवाकर स्थिति नियंत्रित कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मोहल्ला नरोभास्कर निवासी मुहम्मद माजिद अपने बेटे की बारात लेकर झांसी गए हुए थे। इसी दौरान उनके भतीजे अनस और अजहर, पुत्र स्वर्गीय नासिर, ने घर के बाहर लगे लोहे के दरवाजे में वेल्डिंग कर उसे बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक ने जांच कर गेट की वेल्डिंग तत्काल खुलवाई। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच मकान में जीना और गेट लगाने को लेकर पूर्व से विवाद चला आ रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बंटवारे के लिए सिविल न्यायालय में वाद दायर करने की सलाह दी है। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपी अनस को गिरफ्तार कर 170, 126, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि दूसरा आरोपी अजहर मौके से फरार हो गया, जिसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में स्थिति सामान्य एवं शांतिपूर्ण है।



