गोड्डा
अंतरर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर रंगमटिया में विधिक शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर सदर प्रखंड के रंगमटिया स्थित भवन निर्माण मजदूर संघ कार्यालय परिसर में विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम ने मजदूरों को कानूनी जानकारी एवं सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर एलएडीसी अजीत कुमार ने कहा कि मजदूरों की मेहनत पर ही विकास की बुनियाद है। सरकारी व गैर सरकारी उद्योगों में 80 प्रतिशत असंगठित मजदूर कार्य करते हैं। समय के साथ-साथ मजदूरों के कल्याणार्थ अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। श्रम विभाग की ओर से भी मजदूरों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रमिकों को निबंधन कराना आवश्यक है। श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग झारखंड सरकार की ओर से झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 18 से 60 आयु वर्ग के स्त्री-पुरुष भवन व सन्निनिर्माण श्रमिकों के लिए निबंधन करा सकते हैं। विभाग की ओर से श्रम कार्ड व ई-श्रम कार्ड बनाया जाता है। इसके तहत मजदूरों को सेफ्टी कीट, औजार, साइकिल आदि क्रय हेतु निहित राशि मिलती है। इसके अलावा चिकित्सा सहायता, चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना, मातृत्व प्रसुविधा योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, निश्शक्तता पेंशन, पेंशन योजना, पारिवारिक पेंशन, अनाथ पेंशन, विवाह सहायता योजना, कर्मकार की मृत्यु या दुघर्टना होने पर भी सामाजिक सुरक्षा प्रदान किया जाता है।
महिला श्रमिकों को जागरुक रहने की जरुरत है। इस दौरान अधिकार मित्र नवीन कुमार, मो. हसीब, मार्था टुडू, बासुदेव मणीनंदन कुमार, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की शिक्षिका नीलीमा कुमारी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। मौके पर नीलम देवी, फुलेश्वरी देवी, अरुणा देवी, सुलो देवी, अरुणा देवी, कविता देवी, छाया देवी, गीता देवी , आरति देवी, विशेखा देवी, झालो देवी, दया देवी, आशा देवी , आरति देवी, सुमित्रा देवी, सविता देवी, अन्नू देवी सहित दर्जनों मजदूर शामिल थे।



