सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए जिलेभर में विशेष शिविर, ऑन-द-स्पॉट नामांकन की सुविधा
Special camps across the district for social security schemes, facilitating on-the-spot enrolment

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न चिन्हित स्थानों, विशेषकर एनएच/एसएच एवं मुख्य सड़कों के किनारे स्थित गांवों और टोला क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं लाभुकों के नामांकन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को आच्छादित किया जाएगा। इन शिविरों में ऑन-द-स्पॉट आवेदन, केवाईसी अद्यतन, आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर अपडेट और योजनाओं में नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही वृद्ध, दिव्यांग और शिविर स्थल तक पहुंचने में असमर्थ लोगों के लिए डोर-टू-डोर आउटरीच अभियान चलाया जाएगा।
उपायुक्त ने संबंधित बैंक शाखाओं को पर्याप्त आवेदन प्रपत्र उपलब्ध कराने, ऑटो-डेबिट सहमति सुनिश्चित करने तथा पात्र खाताधारकों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
शिविरों का तिथिवार कार्यक्रम इस प्रकार है:
05 मई 2026 – जामा प्रखंड, आमझर पुल (भुटोकोरिया पंचायत)
06 मई 2026 – सरैयाहाट प्रखंड कार्यालय एवं भलवा मोड़
07 मई 2026 – मसलिया (दलाई मोड़) एवं गोपीकांदर (कारूडीह मोड़)
12 मई 2026 – जामा (पंदन पहाड़ी), दुमका (गुहियाजोरी चौक), जरमुंडी (नोनिहाट चौक)
13 मई 2026 – गोपीकांदर (जियापानी मोड़), शिकारीपाड़ा (पत्ताबाड़ी चौक), सरैयाहाट (झारखंड मोड़)
14 मई 2026 – शिकारीपाड़ा (नलहच्छी पुल व चायपानी मोड़, जामुगढ़िया), मसलिया (आश्रम मोड़)
15 मई 2026 – जामा (चुटोनाथ चौक), गोपीकांदर (कांटाझरना), सरैयाहाट (गुरुनाथ पहाड़ी)
सभी शिविर पूर्वाह्न 11:00 बजे से आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक शिविर के उपरांत उसी दिन शाम 5:00 बजे तक प्रगति प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। आमजनों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लेकर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करें।



