
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी के विकास कुंज ए ब्लॉक में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम उस समय अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया, जब उत्तराखंड के खानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा और हरियाणवी गायक मासूम शर्मा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। दोनों के आगमन के साथ ही बड़ी संख्या में मौजूद भीड़ अचानक मंच की ओर बढ़ने लगी और देखते ही देखते स्थिति अनियंत्रित हो गई।
आयोजकों द्वारा बार-बार मंच से लोगों से शांति बनाए रखने और अपनी जगह पर रहने की अपील की गई, लेकिन भीड़ पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। लोगों की भारी भीड़ मंच के पास और ऊपर तक पहुंच गई, जिससे कार्यक्रम में मौजूद साधु-संतों की उपस्थिति और गरिमा की भी अनदेखी हुई। अव्यवस्था के चलते मंच पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्यक्रम बीच में ही आधे घंटे तक रुका रहा ।
लगभग आधे घंटे तक मंच पूरी तरह अव्यवस्थाओं का शिकार रहा। इस दौरान आयोजकों और सुरक्षा व्यवस्था में लगे लोगों को स्थिति संभालने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। अंततः हालात इतने बिगड़ गए कि विधायक उमेश शर्मा और सिंगर मासूम शर्मा को अव्यवस्थाओ के बीच अपने चंद शब्दो के सम्बोधन के बाद कार्यक्रम स्थल से जाना पड़ा।
उनके जाने के बाद धीरे-धीरे भीड़ नियंत्रित हुई और स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम को पुनः शुरू किया जा सका। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा और प्रबंधन की व्यवस्था होनी चाहिए थी, ताकि इस तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके।




