हिरणपुर में बूथ स्तरीय समिति का गठन, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
Booth level committee formed in Hiranpur, responsibilities assigned to workers

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। हिरणपुर प्रखंड क्षेत्र के डांगापाड़ा एवं दराजमाठ पंचायत में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पंचायत स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक डांगापाड़ा, दराजमाठ और बागशीशा गांव में पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से झामुमो के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम उपस्थित रहे। उनके नेतृत्व और देखरेख में विभिन्न बूथों पर बूथ स्तरीय समितियों का गठन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी, अब्दुल गनी, जब्बार अंसारी, जिला संगठन सचिव मुसलोद्दीन अंसारी तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सगीर अंसारी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि बूथ समिति संगठन की नींव होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर मजबूती के साथ कार्य करें, ताकि संगठन चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सर्वेक्षण और जनगणना के दौरान कोई भी पात्र व्यक्ति छूटे नहीं, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है, ताकि जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ मिल सके। मौके पर पंचायत सचिव मतीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।



