
गांधीनगर-नईबस्ती के घर-घर पहुंचे सदस्य, लोगों ने सराहा सेवा अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भीषण गर्मी के बीच गौरैया समेत अन्य पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से तखत ग्रुप द्वारा चलाया जा रहा जलपात्र वितरण अभियान लगातार जनसमर्थन प्राप्त कर रहा है। अभियान के दूसरे दिन सोमवार को भी शहर के गांधीनगर एवं नईबस्ती क्षेत्र में घर-घर जाकर 400 से अधिक जलपात्र वितरित किए गए। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण और जीव संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम बताया। गौरतलब है कि इस अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी सत्य प्रकाश द्वारा किया गया था। उन्होंने इस सेवा कार्य को ईश्वरीय सेवा बताते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को ऐसे जनहित और जीवहित कार्यों से जुडऩे का संदेश दिया था। सोमवार को तखत ग्रुप के सदस्य मोहल्लों और गलियों में पहुंचकर लोगों को जलपात्र वितरित करते रहे तथा उनसे अपील की कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए अपने घरों की छतों, बालकनी और छायादार स्थानों पर जलपात्र रखें और उन्हें प्रतिदिन सुबह-शाम स्वच्छ एवं ठंडे पानी से भरें, ताकि प्यासे पक्षियों को राहत मिल सके। अभियान के तहत एक विद्यालय में भी जलपात्र वितरित किए गए, जहां स्कूली बच्चों को गौरैया संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने भी इस पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर मज्जू सोनी, विद्या मालवीय, पार्षद अफजुल रहमान, बृजेश लाला, सत्येंद्र प्रताप सिंह सिसोदिया, सुदामा मिश्रा, अमित लखेरा, विजय शर्मा कुक्कन, आशीष चौबे, बलची जैन, हृदेश हुण्डैत ट्विंकल, रामकोटि तिवारी, मिंटू सिंघई, अमित तिवारी, पप्पू पटवा, नीलेश तिवारी, सुमेर जैन, जितेंद्र गोस्वामी गप्पू, आशीष हुण्डैत, अशोक अनौरा, गौरव जैन सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। तखत ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को गर्मी के मौसम में पानी उपलब्ध कराया जा सके।


