प्रधान डाकघर के सामने अतिक्रमण कार्रवाई पर भड़के व्यापारी
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर पालिका द्वारा प्रधान डाकघर के सामने नाली के ऊपर बने फोल्डिंग लोहे के शेडों को अतिक्रमण अभियान के दौरान हटाए जाने के विरोध में व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने नगर पालिका परिषद पहुंचकर अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए टूटे शेडों का पुनर्निर्माण कराए जाने अथवा प्रभावित व्यापारियों को उचित क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की। व्यापारियों का आरोप है कि विगत दिनों नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रधान डाकघर के सामने बनी दुकानों के बाहर नालियों पर लगाए गए फोल्डिंग लोहे के शेडों को जेसीबी मशीनों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि 23 नवंबर 2024 को नगर पालिका एवं व्यापार मंडलों के बीच हुई बैठक में लिखित सहमति बनी थी, जिसके आधार पर नालियों के ऊपर फोल्डिंग शेड लगाए गए थे, ताकि ग्राहकों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिल सके। बावजूद इसके पालिका द्वारा सहमति के विपरीत कार्रवाई करते हुए शेडों को हटाया गया, जो नियमों के विपरीत है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने मांग की कि नगर पालिका द्वारा शहर में निर्मित सभी खुली नालियों को व्यवस्थित रूप से ढका जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में क्षतिग्रस्त किए गए शेडों का पुनर्निर्माण पालिका अपने खर्च पर कराए या संबंधित व्यापारियों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। व्यापार मंडल ने 11 व्यापारियों की शिकायतों के साथ पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, महामंत्री अनिल जैन, नगर अध्यक्ष महेश जैन, जिला स्मॉल स्केल इंडस्ट्री अध्यक्ष मुकेश जैन, अशोक जैन अनौरा, नवीन सिंघई, संजीव जैन, आईटी सेल जिलाध्यक्ष अंकित सतभैया, जिनेंद्र पंसारी, सूर्यकांत ओसवाल, वीरेंद्र जैन, सुनील कुमार पंसारी, मुकेश जैन, अंकित जैन, मोहम्मद नईम, जितेंद्र राठौर, गौरव जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



