स्वास्थ्य विभाग के फ्लैगशिप कार्यक्रमों में तेजी लाने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न फ्लैगशिप कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष रूप से यूएसजी अभियान एवं 100 दिवसीय टीबी अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार यूएसजी कैंपेन में अब तक कुल 1349 यूएसजी जांचें संपादित की गई हैं। अभियान के अंतर्गत 18 से 22 सप्ताह की 284 एएनसी महिलाओं तथा 22 सप्ताह से अधिक अवधि की 648 एएनसी महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 417 ऐसे मामलों को भी चिह्नित किया गया जो 18 सप्ताह से कम अवधि के हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला तक जांच सुविधा पहुंचाई जाए।
इसके अतिरिक्त 100 दिवसीय टीबी अभियान के अंतर्गत जनपद के 152 हाई रिस्क गांवों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जा रहा है, जिनमें से 69 गांवों को सैचुरेट किया जा चुका है तथा 83 गांवों में कार्यवाही प्रगति पर है। अभियान के दौरान अब तक 9029 व्यक्तियों का निक्षय पोर्टल पर पंजीकरण किया गया, जिनमें से 2827 व्यक्तियों का एक्स-रे एवं 484 व्यक्तियों की NAAT जांच की गई। अभियान के माध्यम से अब तक 40 टीबी मरीजों को चिन्हित कर उपचार से जोड़ा गया है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मातृ मृत्यु दर को शून्य करने के उद्देश्य से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित प्रसव एवं चिकित्सालयों में प्रसव हेतु प्रेरित किया जाए, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार लाया जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि टीबी उन्मूलन एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित कार्यक्रमों में फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में सीएमओ डॉ बीएस रावत, डॉ पी एस पोखरियाल, डॉ कुलवीर राणा, हरदेव राणा, अजय बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


