
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर : भारत विकास परिषद की स्थानीय शाखा की ओर से महिला संयोजिका अनिता सिंघल व पूनम अग्रवाल के नेतृत्व में आज कस्बे के सरकारी विद्यालय व देवी मंदिर पर बेजुबान पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए।
शाखा की वरिष्ठ महिला सदस्या वीना गोयल व सीमा गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि शाखा की ओर से महिला संयोजिका अनिता दिलीप सिंघल व पूनम पवन अग्रवाल के नेतृत्व में कस्बे के राजकीय बालिका विद्यालय व शैतान पाडा स्थित देवी मंदिर में बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने और उनकी रक्षा के लिए ‘परिंडा लगाओ’ अभियान के तहत परिंडे बांधे गए। इस मौके पर प्रधानाचार्या अनुपम गुप्ता व शिक्षाविद लखन सैनी ने कहा कि शाखा की ओर से बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह एक अत्यंत सराहनीय और मानवीय पहल है। अभियान की जानकारी देते हुए सदस्या वर्षा मित्तल व रेखा गर्ग ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के मौसम में बेजुबान पक्षियों को पीने का पानी उपलब्ध कराना है, जिससे वे प्यास से न तड़पें। इस पुनीत कार्य में शाखा की सदस्या राखी गुप्ता, वर्षा मित्तल, रेखा गर्ग एवं विद्यालय के शिक्षाविद दयाराम, हुकमसिंह, जीवनलाल, आदि ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया और इस नेक पहल को मजबूती दी। शाखा की ओर से सभी नागरिकों से अपील की है कि वे भी अपने-अपने घरों की छतों और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी से भरे परिंडे अवश्य रखें, ताकि कोई भी बेजुबान पक्षी प्यास से बेहाल न हो। परिषद की इस पहल की क्षेत्र के निवासियों द्वारा जमकर प्रशंसा की गई।



