जालौन
थाने के वायरलेस टॉवर पर गिरी आकाशीय बिजली, बड़ा हादसा टला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। गुरुवार दोपहर हुई तेज बारिश और गरज-चमक के बीच थाना रामपुरा में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। थाना परिसर में लगे वायरलेस टॉवर पर आकाशीय बिजली गिरने से वायरलेस सेट, इन्वर्टर तथा बिजली के तार जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक तेज बारिश के साथ जोरदार गर्जना होने लगी। इसी दौरान थाना परिसर स्थित वायरलेस टॉवर पर आकाशीय बिजली आ गिरी। टॉवर पर लगे बिजली तड़क यंत्र ने बिजली को जमीन में प्रवाहित कर दिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि यदि टॉवर पर सुरक्षा यंत्र न लगा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि घटना में थाने के कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। थाना रामपुरा के दीवान ब्रजेश शर्मा ने बताया कि वायरलेस सेट का बॉक्स, इन्वर्टर और बिजली के तार जल गए हैं, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है।

