जालौन
शादी समारोह में गये युवक का शव पेड़ से लटका मिला, मचा हड़कंप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शाजापुर में बुधवार देर शाम शादी समारोह में भोज खाने गया युवक गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम शाजापुर निवासी मिर्चाई कुशवाहा के बेटे के शादी समारोह में बुधवार को भोज का आयोजन था। इसी समारोह में गांव निवासी राकेश पुत्र मुनीम कुशवाहा (लगभग 21 वर्ष) भी शामिल होने गया था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश नहीं की, क्योंकि वह नशे का आदी बताया जा रहा था और अक्सर घर से बाहर रहता था। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने राकेश का शव खेत में खड़े एक पेड़ से लटका देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक दो भाइयों में छोटा था और नशे की लत के चलते अक्सर घर से गायब रहता था। फिलहाल घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने नशे की हालत में यह कदम उठाया होगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

