जालौन
खेत पर कब्जे का विरोध किया तो किसान को पीटा, पुलिस से शिकायत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। खेत पर अवैध कब्जे का विरोध करना एक किसान को भारी पड़ गया। दबंगों ने रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत एसडीएम और थाना पुलिस से की है।
नगर के मोहल्ला रामगंज निवासी रामदास ने बताया कि उसकी पैतृक कृषि भूमि ग्राम सुरौली में स्थित है, जहां वह खेती करता है। आरोप है कि पिछले कई वर्षों से गुलौली निवासी कुछ दबंग उसकी जमीन पर कब्जा करते चले आ रहे हैं। इसको लेकर उसने जमीन की हदबंदी भी कराई थी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा सीमांकन के पत्थर उखाड़कर फेंक दिए। पीड़ित के अनुसार जब उसे इसकी जानकारी मिली तो वह खेत पर गया था। वहां से लौटते समय रायढ़ गांव से पहले कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में किसान को चोटें आई हैं। गुरुवार को पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत एसडीएम सहित कोतवाली पुलिस से की। मामले में कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि किसान के साथ मारपीट की घटना हुई है, जिसमें उसे चोटें आई हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

