जालौन
नगर पालिका अध्यक्षा गिरिजा चौधरी ने स्व-गणना कर दिया जागरूक नागरिकता का संदेश
जनपद जालौन में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना अभियान का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना अभियान का शुभारंभ बुधवार 07 मई 2026 से जनपद जालौन में हो गया। अभियान की शुरुआत के साथ ही नगर पालिका परिषद उरई की अध्यक्षा गिरिजा चौधरी ने स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्व-गणना कर नागरिकों को जागरूक एवं जिम्मेदार भागीदारी का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्षा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों को एकत्रित करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और समाज के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। सही एवं सटीक जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा तैयार करती है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना अभियान 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर घर बैठे आसानी से अपनी जनगणना ऑनलाइन पूर्ण कर सकते हैं। इस पहल से लोगों को पारदर्शी, सरल और डिजिटल सुविधा उपलब्ध होगी।
गिरिजा चौधरी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी और अपने परिवार की जानकारी सावधानीपूर्वक एवं सही-सही दर्ज करे, ताकि भविष्य की विकास योजनाएं वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप बनाई जा सकें। उन्होंने विशेष रूप से परिवार द्वारा सर्वाधिक उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज की जानकारी सही भरने पर भी जोर दिया।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूर्ण होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशेष SE ID प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। बाद में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब उसी SE ID के माध्यम से जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्षा ने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए नागरिक जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। जनपद प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से जुड़ सकें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद जालौन के नागरिक सक्रिय सहभागिता निभाकर जनगणना-2027 को सफल बनाएंगे और प्रदेश में जनपद की एक मजबूत एवं प्रेरणादायी पहचान स्थापित करेंगे।
