हजारीबाग

कृषि,भूमि संरक्षण, पशुपालन,गव्य,उद्यान एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में आज गुरुवार को समाहरणालय सभागार में कृषि, भूमि संरक्षण, पशुपालन, गव्य, उद्यान एवं मत्स्य विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत गेहूं एवं सरसों बीज वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ब्लॉकचेन तकनीक के माध्यम से किसानों के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में बीज वितरण नहीं हुआ है, वहां किसानों को शीघ्र जोड़ते हुए शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में एटीएम एवं बीटीएम को सक्रिय रूप से संलग्न करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, बिरसा बीज विनिमय योजना 2025-26 के अंतर्गत पंजीकृत पैक्स की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित पैक्स को क्रियाशील बनाए रखने एवं बीज वितरण सुनिश्चित करने को कहा। मृदा जांच एवं सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण में तेजी लाने, डीएलसीसी बैठक आयोजित करने, एग्री क्लिनिक एवं कृषक पाठशाला के संचालन की भी समीक्षा की गई।
भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने वर्ष 2025-26 में निर्मित तालाबों की संख्या की जानकारी लेते हुए सभी तालाबों की सूची मत्स्य विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि लाभुक समितियों का गठन कर मछली स्पान वितरण कराया जा सके। सभी तालाबों के जीर्णोद्धार पर बल देते हुए जल निधि, पर्कोलेशन टैंक एवं डीप बोरिंग निर्माण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, चेक डैम निर्माण की तैयारी शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा* के दौरान उपायुक्त ने 2025-26 में निर्मित 13 चेक डैम का उपयोग सुनिश्चित करते हुए पीएम कुसुम योजना अथवा भूमि संरक्षण विभाग के माध्यम से पंपसेट उपलब्ध कराकर किसानों को सिंचाई से आच्छादित करने का निर्देश दिया, ताकि डैम के जल का उपयोग टपक सिंचाई प्रणाली के माध्यम से किया जा सके।
*पशुपालन विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत ब्रायलर कुकुट पालन, सूकर विकास, बैकयार्ड कुकुट पालन, बकरा विकास, बत्तख चूजा वितरण एवं जोड़ा बैल वितरण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि इस वित्तीय वर्ष में पीएमकेएसवाई एवं जलछाजन योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग के समन्वय से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जाए।
स्किल डेवलपमेंट की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आरसीटी, नियोजन एवं जेएसएलपीएस के माध्यम से युवाओं को प्लंबर, सोलर टेक्नीशियन, ड्राइविंग, इलेक्ट्रीशियन एवं कुक जैसे व्यवसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button