
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। फुटपाथ पर छोटे व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब मजदूर एवं रेहड़ी-पटरी व्यापारियों ने नगर पालिका की कार्रवाई के बाद अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मदद की अपील की है। व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा उन्हें व्यवस्थित करने के उद्देश्य से दुकाननुमा डब्बे उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई थी, ताकि फुटपाथ पर बैठने वाले छोटे व्यापारियों को एक स्थायी और सम्मानजनक स्थान मिल सके। व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें व्यवस्थित करने की प्रक्रिया पूरी किए बिना ही अतिक्रमण हटाने के नाम पर बुलडोजर कार्रवाई कर दी गई, जिससे कई छोटे व्यापारियों का रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो गया। उनका कहना है कि कई परिवार आज आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और बच्चों की स्कूल फीस जमा करना, घर का खर्च चलाना तथा दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। फुटपाथी व्यापारियों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से अपील करते हुए कहा कि उनके रोजगार को दोबारा शुरू कराने और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाए, ताकि उनके परिवारों के सामने उत्पन्न आजीविका का संकट दूर हो सके। स्थानीय व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वह सामूहिक रूप से अपनी आवाज बुलंद करने को मजबूर होंगे।


