
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली थानाभवन। थाना क्षेत्र में पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को थाना थानाभवन क्षेत्र के मोहल्ला रोगनग्रान निवासी विजय सैनी की पत्नी बबीता पर उसके पूर्व पति शिवकुमार उर्फ शशि कुमार ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया था। बताया गया कि पति-पत्नी के विवाद के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान आरोपी ने स्वयं को भी चाकू मारकर घायल कर लिया था। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामले में थाना थानाभवन पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान थाना थानाभवन पुलिस ने आरोपी शिवकुमार उर्फ शशि कुमार पुत्र प्रीतमचंद निवासी ग्राम पिंड मुरादपुर थाना शाहपुर कंडी जिला पठानकोट (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी थानाभवन अमरदीप मौर्य के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर एवं हेड कांस्टेबल अंकुर निर्वाल शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

