
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। नगर रामपुरा में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों एवं नगरवासियों ने प्रातः गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके बाद नगर स्थित महाराणा प्रताप चैराहे पर पहुंचकर उनकी प्रतिमा का दूध एवं गंगाजल से अभिषेक किया गया तथा माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान “महाराणा प्रताप अमर रहें” और “भारत माता की जय” एवं जय मां भवानी के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, बुजुर्गों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। नगरवासियों बताया कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन संघर्ष में बिताया और कभी भी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया।पूर्व नगर अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे उनके जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट होकर ऐसे महापुरुषों की जयंती मनानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित हो सकें।वहीं नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश बर्मा ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा। उनके आदर्श आज भी समाज को देशभक्ति और आत्मसम्मान की सीख देता है कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने महाराणा प्रताप के बताए मार्ग पर चलने तथा नगर में आपसी भाईचारा एवं एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, डा. अरुण सिंह जादौन, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश वर्मा, अरविंद्र भदौरिया (पीसीएम), अजीत सिंह लंबरदार, कुं. अवनेंद्र प्रताप सिंह, देवेन्द्र सिंह राठौर, रामदेव सिंह, उम्मेद सिंह, प्रवल प्रताप सिंह, अजय सिंह राजावत, मानवेंद्र सिंह, जगदीश सिंह, रविंद्र सिंह राजावत, धर्मेंद्र सिंह राठौर, प्रधान अरविन्द कुमार, प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र सिंह उर्फ लला, अंकुर जायघा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


