गोड्डा
महागामा में कांग्रेस का संवाद सह प्रशिक्षण शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को महागामा में संवाद सह BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न बूथों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, बूथ एजेंट, पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की जानकारी देना एवं मतदाता सूची में संभावित अनियमितताओं को लेकर कार्यकर्ताओं को जागरूक करना था। इस दौरान बूथ एजेंटों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा पात्र मतदाताओं के नाम कटने से रोकने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक एवं झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हर वोट का महत्व है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने बूथ लेवल एजेंटों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास होता है, तो संगठनात्मक मजबूती और जागरूकता के माध्यम से उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की।
मौके पर कांग्रेस महासचिव एवं गोड्डा प्रभारी गुंजन सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष याहया सिद्दीकी, प्रशिक्षक मुद्दसिर खान, प्रखंड अध्यक्ष मिनहाज आलम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नीलेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे और सभी नागरिक अपने मताधिकार का निर्बाध प्रयोग कर सकें।




