गोड्डा
महागामा इंटर कॉलेज में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। इंटरमीडिएट महाविद्यालय महागामा, गोड्डा में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र – छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सफल एवं मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह रहीं। मंत्री के महाविद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार की ओर से फूल-माला एवं बुके देकर उनका स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मंत्री ने छात्र – छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




