गाजियाबाद
गढ़ी जस्सी में युवाओं की पंचायत
सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा स्थापना को लेकर तहसील में सौंपा अपना ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गांव गढ़ी जस्सी में रविवार को युवाओं और ग्रामीणों की एक पंचायत आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित पुस्ता पुलिस चौकी लोनी के सामने बने तिकोने पार्क में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा स्थापित कराने को लेकर आपस में चर्चा हुई। पंचायत में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से प्रतिमा स्थापना की मांग उठाने का निर्णय लिया।
पंचायत में भाजपा नेता मान सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सम्राट मिहिर भोज भारतीय इतिहास के गौरवशाली शासकों में से एक थे और उनकी वीरता व राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। पंचायत में मौजूद लोगों ने कहा कि क्षेत्र में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को इतिहास से जुड़ने और समाज में एकता का संदेश मिलेगा।
पंचायत के बाद गांव के दर्जनों युवक सिद्धार्थ बैसला के नेतृत्व में लोनी तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने नायब तहसीलदार लीलू सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पुस्ता चौकी के सामने स्थित तिकोने पार्क में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा लगवाई जाए।
युवाओं ने प्रशासन से जल्द मांग पूरी करने की अपील करते हुए कहा कि यह स्थान सार्वजनिक महत्व का है और यहां प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्र की पहचान और सुंदरता दोनों बढ़ेंगी।
इस दौरान सिद्धार्थ बैसला, अंकुर गुर्जर, रोहित गुर्जर, सुनील लोहमोड़, जगमोहन बैसला, प्रफुल्ल बैसला, विकास प्रधान,ओमकार बैसला, युवराज गुर्जर, राहुल गुर्जर, चौधरी लविश धीर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।




