बाराबंकी
तेज़ रफ़्तार डीसीएम की पीछे से टक्कर में बस चालक की मौके दर्दनाक मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर रसौली के पास रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बस ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बस में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए चालक वाहन के नीचे लेटकर मरम्मत कर रहा था तभी पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। घटना विक्की ढाबे के पास हुई जहां वैशाली एक्सप्रेस बस संख्या NL07B0898 के चालक अमित कुमार बस की खराबी दूर कर रहे थे। इसी दौरान फैजाबाद दिशा से आ रही डीसीएम संख्या RJ 11GD5121 ने नियंत्रण खो दिया और बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के नीचे मौजूद चालक के सिर पर बस का पहिया चढ़ गया जिससे अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमर चौरसिया चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह चंदेल सीसीटीएनएस प्रभारी प्रवीण सिंह उपनिरीक्षक जहीर खान व कांस्टेबल हरिकांत यादव ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) रितेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात सुचारु कराने के निर्देश दिए। घटना में डीसीएम चालक भी घायल हुआ जिसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। दुर्घटना के चलते हाईवे पर कुछ देर जाम लगा रहा जिसे पुलिस ने लगभग आधे घंटे में सामान्य करा दिया और दोनों वाहनों को किनारे हटवाया।




