
जनसुनवाई में सुनीं फरियादियों की समस्याएं
अस्पताल व्यवस्था और अवैध एम्बुलेंस संचालन पर जताई नाराजगी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित दैनिक जनसुनवाई में दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बिदुआ कॉलोनी तालाबपुरा निवासी अशोक जैन की मृत्यु का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की जांच के आदेश दिए। फरियादियों निकेतन चौधरी, ममता जैन, आशीष जैन, प्रीति जैन, अंकिता जैन और जया जैन ने शिकायत करते हुए बताया कि उनके चाचा अशोक जैन की तबीयत खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां बिना समुचित उपचार के रेफर कर दिया गया। आरोप लगाया गया कि अस्पताल में चिकित्सक उपलब्ध नहीं थे और रेफर के दौरान निजी एम्बुलेंस चालक ने पूरा किराया लेने के बावजूद मरीज को ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध नहीं कराई, जिससे रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सीएमओ और एसडीएम सदर की संयुक्त जांच टीम गठित कर 7 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए। डीएम ने सीएमओ को जिला अस्पताल के आसपास संचालित अनाधिकृत एवं मानकविहीन एम्बुलेंसों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई के दौरान अन्य मामलों में भी जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसील महरौनी के ग्राम धबारी के ग्राम प्रधान मठोले ने सरकारी कोटे के भवन निर्माण में बाधा डालने और निर्माणाधीन दीवार तोडऩे की शिकायत की, जिस पर एसडीएम महरौनी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम बानपुर निवासी चतरे ने आवंटित भूमि की नाप न होने की शिकायत की, जिस पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विकासखंड जखौरा के ग्राम बुढ़वार निवासी व्रजभान सिंह ने सहरिया बस्ती में खराब हैण्डपम्पों की मरम्मत की मांग रखी, जिस पर खंड विकास अधिकारी जखौरा को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।


