ललितपुर
सुम्मेरा तालाब की बदहाली पर सख्त हुईं नपाध्यक्ष, 2 दिन में खरपतवार हटाने के निर्देश
औचक निरीक्षण में मिली गंदगी, घाटों की विशेष सफाई और जनसहभागिता पर दिया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर की ऐतिहासिक धरोहर एवं आस्था के प्रमुख केन्द्र सुम्मेरा तालाब की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तालाब परिसर, घाटों और आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण में पाया गया कि तालाब के पानी में भारी मात्रा में खरपतवार जमा होने से जल की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा पूजन सामग्री प्रवाहित किए जाने के कारण घाटों पर गंदगी भी देखी गई। इस पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से घाटों की विशेष सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने तालाब में फैले खरपतवार को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लिपिक को निर्देशित किया कि हर हाल में आगामी दो दिनों के भीतर समस्त खरपतवार हटाने की कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर अभियान चलाया जाए, ताकि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि सुम्मेरा तालाब नगर की पहचान और श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है, इसलिए इसकी स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखना पालिका की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि तालाब में पूजन सामग्री और अन्य कचरा न डालें तथा इस धरोहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता खुशबू खान, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेन्द्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू, हितेन्द्र रैकवार सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


