खैरथल
जिले में सीएम का स्वागत, जिले की उपेक्षा का मांगेगे जवाब : बलराम यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। आज खैरथल-तिजारा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम यादव ने मुख्यमंत्री के जिले में प्रस्तावित दौरे को लेकर फैक्ट्री मजदूरों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जनता की समस्याओं और मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन एवं घेराव की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का जिले में स्वागत है, लेकिन खैरथल-तिजारा की जनता अब अपने अधिकारों और मूलभूत समस्याओं को लेकर जवाब भी चाहती है। उन्होंने कहा कि जिले की जनता लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रही है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही।
बलराम यादव ने मुख्यमंत्री से कई अहम सवाल पूछते हुए कहा कि सरकार पहले यह स्पष्ट करे कि खैरथल-तिजारा जिले के मुख्यालय को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जा रही है।मुख्यालय पर विकास के नाम पर एक काम भी ढा़ई साल में नही हुआ। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री रात्रि चौपाल खैरथल में क्यों नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के हजारों युवा और फैक्ट्री मजदूर पड़ोसी राज्य हरियाणा की तर्ज पर समान वेतनमान की मांग लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।
उन्होंने NEET पेपर लीक मामले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस प्रकरण में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे युवाओं में भारी आक्रोश है।
इसके अलावा उन्होंने खैरथल-तिजारा जिले में लगातार बनी हुई पानी की समस्या पर भी सरकार को घेरा और कहा कि आमजन आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार के पास इसका कोई स्थायी समाधान नहीं है।
बैठक में मौजूद मजदूर संगठनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जनता की आवाज मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खैरथल-तिजारा के हक और अधिकार की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत जिला सचिव संजय गुर्जर पार्षद अर्जुन ठाकुर सद्दाम खान वीरपाल सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


