ललितपुर

जिला कारागार के निरीक्षण में व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता और स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को जिला कारागार ललितपुर का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के निर्देशानुसार सचिव देवप्रिय सारस्वत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। सबसे पहले कारागार की पाकशाला (रसोईघर) का निरीक्षण किया गया, जहां भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान रसोईघर की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके बाद अधिकारियों ने पुरुष बंदी बैरक का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें नि:शुल्क विधिक सहायता के अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। निरीक्षण टीम ने महिला बंदी बैरक में भी पहुंचकर महिला बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके अलावा अस्पताल बैरक का निरीक्षण करते हुए उपचाराधीन बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण, औषधियों की उपलब्धता, चिकित्सीय अभिलेखों और साफ-सफाई व्यवस्था का परीक्षण किया गया। आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि पात्र बंदियों को नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया विधिसम्मत रूप से संचालित हो रही है और कोई भी बंदी विधिक सहायता से वंचित न रहे। निरीक्षण के समय जिला कारागार अधीक्षक विजय कुमार राय, प्रभारी जेलर दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंत में कारागार परिसर की समग्र स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button