हजारीबाग
खेल से बदलेगी गांव के युवाओं की तस्वीर- विक्की कुमार धान
बेस गांव में युवाओं के बीच वॉलीबॉल एवं नेट का वितरण, खेल के माध्यम से नशामुक्त और सशक्त समाज बनाने का लिया संकल्प।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह के निजी मीडिया प्रतिनिधि सह बेस पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी विक्की कुमार धान ने शनिवार को बेस पंचायत के बेस गांव में युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वॉलीबॉल एवं नेट का वितरण किया। इस अवसर पर गांव के युवाओं एवं ग्रामीणों के साथ आत्मीय मुलाकात कर खेल, शिक्षा सामाजिक विकास तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।कार्यक्रम के दौरान विक्की कुमार धान ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण की मजबूत नींव है। खेल से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्ष करने की शक्ति एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जब गांव का युवा मैदान में मेहनत करता है, तो वह अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणा बनने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशा, गलत संगत एवं नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो गांव की प्रतिभाएं भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। गांव के युवा मेहनती, ऊर्जावान एवं संघर्षशील हैं, लेकिन कई बार संसाधनों के अभाव में उनकी प्रतिभा दबकर रह जाती है। इसी सोच के साथ लगातार छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से युवाओं को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान गांव के युवाओं में खेल के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास गांव के युवाओं को नई दिशा देने के साथ समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का काम करेंगे।



