शामली
किसानों की शिकायत पर खोखरी नदी की दोबारा पैमाइश
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
चौसाना। खोखरी नदी की खुदाई को लेकर किसानों द्वारा उठाए गए विरोध के बाद शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोबारा पैमाइश कराई। शिकायतकर्ताओं को साथ लेकर नदी की भूमि और किसानों की जमीन की नापजोख की गई। पैमाइश के दौरान खुदाई का कार्य पूरी तरह बंद रहा। कार्रवाई के बाद राजस्व टीम ने मौके पर निशानदेही भी कराई, जिसके बाद किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया।
चौसाना क्षेत्र में पिछले करीब दस दिनों से खोखरी नदी की खुदाई का कार्य चल रहा है। इसी दौरान चौसाना जदीद रकबे के किसान बलली, वकील, नवाब अली, उम्मेद और ताजअली समेत अन्य किसानों ने नदी की भूमि की गलत पैमाइश किए जाने का आरोप लगाया था। किसानों का कहना था कि खुदाई के दौरान उनकी भूमि प्रभावित हो रही है। मामले को लेकर किसानों ने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
शनिवार को शिकायत के बाद कानूनगो विनोद कुमार के नेतृत्व में लेखपाल अजीत कुमार और लोकेश की टीम मौके पर पहुंची। राजस्व टीम ने शिकायतकर्ताओं को साथ लेकर खेतों और नदी की जमीन की पैमाइश कराई। इस दौरान जेसीबी मशीनों का कार्य बंद रखा गया। अधिकारियों ने मौके पर सीमांकन कर निशानदेही भी कराई, ताकि आगे खुदाई कार्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। कार्रवाई के दौरान मौके पर शांति व्यवस्था बनी रही और किसी किसान ने विरोध नहीं हुआ।



