
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : पशुपालन निदेशालय लखनऊ के अपर निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने रविवार को विकास खंड भोजपुर स्थित अस्थायी गोआश्रय स्थल मुकीमपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां 50 गोवंश सुरक्षित पाए गए। गोवंशों के लिए 26 कुंतल हरा मक्का चारा, 40 कुंतल भूसा और 239 किलो दाना उपलब्ध मिला।
गर्मी से राहत के लिए गोआश्रय स्थल पर पर्दों की व्यवस्था की गई थी और केयरटेकर द्वारा नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा था। पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था के साथ सभी सीसीटीवी कैमरे भी संचालित मिले। निरीक्षण के समय सभी गोवंश स्वस्थ पाए गए।
डॉ. प्रमोद कुमार ने गोआश्रय स्थल से जुड़ी 1.29 हेक्टेयर गोचर भूमि का भी निरीक्षण किया। इसमें आधे हिस्से में चरी और मल्टीकट बाजरे की फसल लगाई गई थी, जबकि बाकी भूमि को चारा उत्पादन के लिए तैयार किया गया था। अभिलेखों की जांच में सभी दस्तावेज सही पाए गए। गोवंशों के रखरखाव और भरण-पोषण की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने अतिरिक्त शेड बनाकर क्षमता बढ़ाकर कम से कम 100 गोवंश रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद अपर निदेशक ने ग्राम त्योडी 13 विश्वा में निर्माणाधीन वृहद गोसंरक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां भविष्य में 400 गोवंश संरक्षित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य प्रगति पर मिला। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही गोआश्रय स्थल के बीच से गुजर रही बिजली लाइन हटाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी पाण्डेय, उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिबंश सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी भोजपुर डॉ. ज्योति पोनिया तथा पशु चिकित्सा अधिकारी भदौला डॉ. अनुज मिश्र मौजूद रहे।


