जालौन

सिंघम स्टाइल में बाजार पहुंचे एसडीएम रिंकू सिंह राही खुद संभाली कमान

जालौन में चला ताबड़तोड़ अतिक्रमण हटाओ अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। नगर में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही अचानक “सिंघम स्टाइल” में मुख्य बाजार पहुंच गए और खुद पैदल भ्रमण करते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान की कमान संभाल ली। सड़क और नालियों पर कब्जा जमाकर बैठे दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई जगहों से अतिक्रमण हटवाया।
बताया गया कि दो-तीन दिन पूर्व ही एसडीएम रिंकू सिंह राही ने नगर के दुकानदारों को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया था कि दुकान का सामान नाली के अंदर तक ही सीमित रखें। सड़क और नालियों पर अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई तय होगी। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों ने प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। जिसके बाद शनिवार शाम एसडीएम खुद मुख्य बाजार में उतर आए और अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क तक फैले सामान, टीन शेड, तख्त, बोर्ड और अन्य अस्थायी कब्जों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक सख्ती देखते ही कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। बाजार में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बना रहा।
एसडीएम रिंकू सिंह राही ने साफ कहा कि बरसात का मौसम नजदीक है, ऐसे में नालियों को खुला रखना बेहद जरूरी है। यदि किसी ने नालियों को ढककर या सड़क पर कब्जा कर अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ जुर्माना सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम लगातार बाजार में पैदल गश्त करती रही। वहीं नगरवासियों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही। कई स्थानीय लोगों ने बाजार व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या खत्म करने के लिए प्रशासन की कार्रवाई को जरूरी बताया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button