
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित शाहावपुर टोल प्लाजा पर सोमवार दोपहर तकनीकी खराबी के चलते भीषण जाम लग गया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार करीब डेढ़ किलोमीटर तक पहुंच गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जाम के दौरान कई छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे, वहीं एक एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में अटकी रही। लगभग आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। तेज गर्मी और धूप के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ी।
वाहन चालक सुरेश चंद्र ने बताया कि टोल प्लाजा पर आए दिन इस तरह की स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी और अव्यवस्थित संचालन के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है।
वहीं बाइक सवार नीरज कश्यप ने बताया कि वह प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं और हर दूसरे-तीसरे दिन दोपहर या शाम के समय टोल प्लाजा पर तकनीकी समस्या के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। इससे समय के साथ-साथ लोगों को मानसिक और शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने टोल प्रशासन से व्यवस्था सुधारने तथा तकनीकी खामियों को जल्द दूर कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से लोगों को राहत मिल सके।



