गोड्डा
कल्याण विभाग अंतर्गत जनजातीय उत्सव, जनभागीदारी अभियान का शुभारंभ
18 मई से 25 मई तक जिले में आयोजित होंगे विभिन्न जागरूकता व कल्याणकारी कार्यक्रम

उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया उद्घाटन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में कल्याण विभाग अंतर्गत आयोजित जनजातीय उत्सव “जनभागीदारी अभियान” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
यह अभियान 18 मई से 25 मई तक जिले भर में संचालित किया जाएगा। उक्त अभियान के अंतर्गत जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर, अधिकार एवं लाभ से संबंधित शिविर, जन सुनवाई कार्यक्रम तथा ग्राम संपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, लाभुकों की समस्याओं का समाधान करना तथा योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है।
जन भागीदारी सप्ताह :
अभियान की रूपरेखा के अनुसार 18 मई से 25 मई तक जन भागीदारी सप्ताह मनाया जाएगा, जिसके तहत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की विशेष पहल पर पंचायत दिवस, आहार दिवस, ट्रांजिट वॉक, रक्तदान शिविर, सखी संवाद, विशेष ग्राम सभा, तिथि भोज सह जन्मोत्सव, स्वास्थ्य शिविर, राजस्व शिविर एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि जनभागीदारी अभियान का उद्देश्य जनजातीय समुदायों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ना तथा उन्हें उनके अधिकारों एवं अवसरों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा सभी कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी संचालन किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, छात्रवृत्ति, कौशल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी जनजातीय समुदायों तक पहुंचाई जाए। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा अभियान के उद्देश्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर प्रसाद चौधरी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



