ललितपुर

कटरा बाजार की बिगड़ी बिजली व्यवस्था पर व्यापारियों का फूटा गुस्सा

समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र कटरा बाजार में लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था को लेकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। बार-बार ट्रांसफॉर्मर फुंकने, अघोषित बिजली कटौती और अस्थायी व्यवस्थाओं से परेशान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाईं। व्यापारियों का कहना है कि ललितपुर में स्थित बजाज एनर्जी प्लाण्ट के पावर प्लांट में बड़े स्तर पर बिजली उत्पादन होने के बावजूद जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार महरौनी सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में बिजली कटौती आम समस्या बन चुकी है। व्यापारियों ने बताया कि कटरा बाजार में लगा 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर प्रतिदिन तीन से चार बार तक फुंक जाता है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई बार विभाग द्वारा अस्थायी ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाती है, लेकिन यह व्यवस्था भी ज्यादा देर तक कारगर साबित नहीं हो रही। व्यापारियों का कहना है कि यदि विभाग यहां दो 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर दे तो ओवरलोड और हीटिंग की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। क्षेत्रीय लोगों ने सड़क के बीच रखे अस्थायी ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर पर भी चिंता जताई और इसे सुरक्षा के लिहाज से खतरा बताया। साथ ही बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। लोगों का कहना है कि कई बार कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरणों के विद्युत कार्य करते दिखाई देते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। स्मार्ट मीटर योजना को लेकर भी व्यापारियों और नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जबकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा। मामले को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने मुख्य अभियंता के.पी. खान से बातचीत कर कटरा बाजार सहित जनपद की विद्युत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button