ललितपुर
अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और सोने के आयात पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन सक्रिय
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सर्राफा व्यापारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तथा सोने के आयात को नियंत्रित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासन और सर्राफा व्यापारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने संयुक्त रूप से की। बैठक का आयोजन राज्य कर विभाग की ओर से किया गया, जिसमें जनपद के सर्राफा व्यापारी, ज्वैलर्स एसोसिएशन, बुलियन कारोबारी एवं पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को गति देना, विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को कम करना तथा सोने के आयात को नियंत्रित करना है। उन्होंने व्यापारियों को वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और विदेशी मुद्रा पर पड़ रहे दबाव के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए देशहित में स्वेच्छा से सोने एवं चांदी की बुलियन (ईंट/बिस्कुट) की खरीद-बिक्री को हतोत्साहित करने का आह्वान किया। बैठक में मौजूद व्यापारियों एवं सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन की अपील पर अपनी सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि वे ग्राहकों को घर में रखी पुरानी ज्वैलरी को रिसाइकिल कर नई ज्वैलरी बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया तथा शासन की अपील के अनुरूप सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारियों सहित सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सोनी (मज्जू सोनी), मनमोहन जडिय़ा, आनंद कुमार सोनी, मनोज सर्राफ, धर्मेंद्र जडिय़ा, अनूप जैन, अजय डयोडिया सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।



