
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। चंदनकियारी प्रखंड के बरमसिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत दुबेकाटा के समीप पिछले दिनों हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में स्वर्गीय सपन माझी एवं उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय लक्ष्मी देवी के असामयिक निधन के बाद अनाथ हुए उनके तीन मासूम बच्चों से आज चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने उनके पैतृक गांव गोपीनाथपुर पहुंचकर पूरे जिला प्रशासन के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार का दुःख साझा किया तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इस अवसर पर विधायक ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद, पीड़ादायक एवं मर्मस्पर्शी है। माता-पिता का साया खो देना किसी भी बच्चे के जीवन की सबसे बड़ी क्षति होती है। ऐसे कठिन समय में समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया जाए।
इसके उपरांत विधायक उमाकांत रजक ने दुर्घटना स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभाग एवं कार्य एजेंसी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्य एजेंसी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
विधायक उमाकांत रजक ने कहा,
“यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और मर्मस्पर्शी है। इन मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाना अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में हम सभी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। सरकार की ओर से हरसंभव सहायता एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सके।”
पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए विधायक ने अपनी ओर से 10 हजार रुपये की नकद सहायता राशि भी सौंपी।
प्रशासन द्वारा अनाथ हुए बच्चों को त्वरित एवं दीर्घकालिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके अंतर्गत—
* खाद्य सुरक्षा योजना के तहत तत्काल 50 किलोग्राम अनाज उपलब्ध कराया गया है।
* प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
* मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के तहत बच्चों को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
* बच्चों की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चंदनकियारी अथवा आश्रम विद्यालय, ललपनिया में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
* सावित्री बाई फुले योजना के तहत भी बच्चियों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
* बच्चों के बालिग होने पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
* राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना एवं आपदा राहत मद से मुआवजा उपलब्ध कराने हेतु चंदनकियारी बीडीओ को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
अंत में विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, एसपी नाथू सिंह मीणा, उपविकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढाडा, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, पुलिस उपाधीक्षक चास प्रवीण सिंह, बीडीओ चंदनकियारी अजय बर्मा, सीओ रवि कुमार आनंद, थाना प्रभारी चंदनकियारी अमित कुमार, अमलाबाद ओपी प्रभारी, बरमसिया ओपी प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।




