खैरथल
एक पखवाड़े से पेयजल संकट, महिलाओं ने कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। शहर के मातौर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे जांगिर कॉलोनी में पिछले एक पखवाड़े से पेयजल आपूर्ति ठप होने से परेशान महिलाओं ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर नियमित जलापूर्ति कराने की मांग की। महिलाओं ने बताया कि वार्ड संख्या 14 की कॉलोनी में लंबे समय से पेयजल समस्या बनी हुई है, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
महिलाओं ने कलक्टर को बताया कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि पीने का पानी भी समीप के दांतला गांव से लाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या के बावजूद विभाग द्वारा अब तक एक भी पानी का टैंकर नहीं भेजा गया।
संयोगवश कलक्टर कार्यालय में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता भी मौजूद थे। इस पर कलक्टर ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलक्टर द्वारा महिलाओं से पूछा गया कि क्या विभाग की ओर से टैंकर भेजे जा रहे हैं, जिस पर महिलाओं ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद कलक्टर ने अधीक्षण अभियंता को तत्काल टैंकर भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद वार्ड में दो पानी के टैंकर भेजे गए।
ज्ञापन देने वालों में सुशीला गुप्ता, सरोज देवी, रेखा देवी, सविता, जसप्रीत कौर, अमरजीत कौर, तरपता देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।



