ललितपुर

किरायेदार बनकर आया शातिर ठग

मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने का झांसा देकर वृद्धा से 8.23 लाख की ठगी

फर्जी नाम-पते से लिया कमरा, आधार कार्ड और बैंक खातों का दुरुपयोग कर उड़ाई बेटी की शादी के लिए जोड़ी रकम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के मोहल्ला आजादपुरा तुवन टीला में किरायेदार बनकर रह रहे एक युवक द्वारा वृद्ध महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले फर्जी पहचान बताकर मकान में कमरा किराये पर लिया, फिर खुद को मेडिकल कॉलेज का कर्मचारी बताकर महिला के बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और धीरे-धीरे करीब 8 लाख 23 हजार की रकम हड़प ली। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आजादपुरा तुवन टीला निवासी 60 वर्षीय भगवती चौरसिया पत्नी रामसेवक चौरसिया ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब पांच माह पूर्व एक युवक उनके घर किरायेदार बनकर रहने आया था। उसने अपना नाम इटावा निवासी सौरभ राजपूत पुत्र राजेश कुमार राजपूत बताया था। आरोपी ने विश्वास जीतने के बाद परिवार से नजदीकी बढ़ा ली। पीडि़ता के अनुसार एक दिन उन्होंने आरोपी से अपना आधार कार्ड अपडेट कराने की बात कही, जिस पर उसने मदद करने के बहाने आधार कार्ड अपने पास रख लिया। इसी दौरान आरोपी ने खुद को अमरपुर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत लैब टेक्नीशियन बताते हुए उनके बेटे की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। नौकरी के नाम पर उसने महिला से विभिन्न किश्तों में रुपये मांगे। झांसे में आई वृद्ध महिला ने आरोपी को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के करीब 3 लाख 30 हजार के पांच अलग-अलग चेक सौंप दिए। इसके बाद आरोपी ने बैंक खातों की जानकारी और दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए महिला के स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक खातों से करीब 4 लाख 93 हजार की अतिरिक्त रकम भी निकाल ली। पीडि़ता ने बताया कि यह पूरी रकम उन्होंने अपनी बेटी निधि चौरसिया की शादी के लिए वर्षों से जमा कर रखी थी। जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी और आरोपी टालमटोल करने लगा तो परिवार को शक हुआ। जांच-पड़ताल के दौरान आरोपी के पास मिले आधार कार्ड से उसके असली नाम का खुलासा हुआ। पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम इटावा के थाना बसरेहर अंतर्गत ग्राम असानन्दपुर निवासी चन्दकीराम पुत्र अचम्भेलाल है। आरोपी ने मकान मालिक और पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नाम सौरभ राजपूत का इस्तेमाल किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक आलोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button