बोकारो

सादगी और उच्च विचारों के प्रतीक थे माधव बाबू, शोक सभा आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। कसमार प्रखंड अंतर्गत ‘हरिजन आदिवासी विकास उच्च विद्यालय, पिरगुल’ के प्रांगण में गुरुवार (21 मई) को क्षेत्र के महान समाजसेवी व शिक्षाविद स्व० माधव बाबू की स्मृति में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस सभा में उपस्थित लोगों ने माधव बाबू को भावभीनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी आत्मा को शांति मिले । इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई।
शोक गीत सुन भावुक हुए लोग
शोक सभा में मुख्य रूप से उपस्थित लोक कलाकार सह समाजसेवी प्रेमचंद कालिंदी ने एक मर्मस्पर्शी शोक गीत प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं।
क्षेत्र के विकास में अतुलनीय योगदान
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि व शिक्षाविद उमेश कुमार जायसवाल ने माधव बाबू के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “माधव बाबू सादा जीवन, उच्च विचार की जीवंत प्रतिमूर्ति थे। इस क्षेत्र में उनके कद और तुलना का कोई दूसरा नेता न कभी हुआ है और न कभी होगा।”
वहीं, विद्यालय के प्राचार्य डॉ० जीत लाल महतो ने उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा, “इस सुदूरवर्ती क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के लिए माधव बाबू ने ‘हरिजन आदिवासी विकास उच्च विद्यालय पिरगुल’ की स्थापना की, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक और महान कार्य था। वे वास्तव में एक सच्चे समाजसेवी होने के साथ-साथ परम शिक्षानुरागी व्यक्ति थे।”
इस गरिमामयी शोक सभा में मुख्य रूप से समाजसेवी घनश्याम महतो, मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो समेत विद्यालय के शिक्षकगण दिनूराम माँझी, रुपेश कुमार पाण्डेय, हीरालाल महतो, राधागोविन्द महतो, सुभाष कुमार महतो, जेबा नाज, समीर अली, आदेशपाल रानी कुमारी एवं भारी संख्या में विद्यालय के अध्ययनरत छात्र-छात्राएं व स्थानीय ग्रामीण के मुख्य लोग उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button