ललितपुर
भीषण गर्मी में जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग
राष्ट्रीय मूलनिवासी बहुजन कर्मचारी संघ ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए राष्ट्रीय मूलनिवासी बहुजन कर्मचारी संघ (आरएमबीकेएस) ने जनगणना कार्य को एक माह के लिए स्थगित किए जाने की मांग उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जनगणना कार्य फिलहाल रोकने की अपील की। संघ जिलाध्यक्ष/जिला संयोजक श्याम पिटारी द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में 22 मई से जनगणना (मकान गणना/हाउस लिस्टिंग) का कार्य शुरू किया जा रहा है। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, जिससे जनगणना जैसे व्यापक फील्ड कार्य में लगे कर्मचारियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ज्ञापन में कहा गया कि भीषण गर्मी के कारण लोगों की तबीयत बिगडऩे और लू लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में शिक्षकों एवं कर्मचारियों को घर-घर जाकर सर्वे कार्य कराना जोखिम भरा साबित हो सकता है। संगठन ने पूर्व में पंचायत चुनाव और लोकसभा चुनाव के दौरान ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की मौतों का हवाला देते हुए शासन से संवेदनशीलता बरतने की मांग की। संगठन ने सुझाव दिया कि 22 मई से 20 जून तक प्रस्तावित जनगणना एवं हाउस लिस्टिंग कार्यक्रम को एक माह आगे बढ़ाया जाए। साथ ही इस अवधि में स्व-गणना की सुविधा को व्यापक रूप से लागू कर नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं जानकारी भरने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके। ज्ञापन में कहा गया कि शासन का निर्णय मानव जीवन की सुरक्षा और जनसुविधा को प्राथमिकता देने वाला होना चाहिए। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों और शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

