गोड्डा
मुफस्सिल थाना में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। मुफस्सिल थाना परिसर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जेपीएन चौधरी ने किया। जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी दयानंद जायसवाल के नेतृत्व में बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद कुमार शाह सहित थाना क्षेत्र के सभी पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए बकरी ईद पर्व मनाने की अपील की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जेपीएन चौधरी ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी दयानंद जायसवाल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों एवं अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए बकरी ईद पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अफवाह या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



