झारखंड में बढ़ती गर्मी पर सरकार अलर्ट, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जारी किए विशेष निर्देश
Jharkhand CM Hemant Soren issues special directives on rising heatwaves

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। हेमन्त सोरेन ने राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से व्यापक राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में आम लोगों को पेयजल संकट से बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), पंचायत प्रतिनिधि तथा सभी सरकारी कार्यालयों को अपने कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही इन स्थलों पर पेयजल उपलब्ध होने की स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि राहगीरों और आम लोगों को राहत मिल सके। सरकार ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहाँ तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत तथा अन्य वैकल्पिक जल व्यवस्था करने के भी आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य के किसी भी गाँव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए राहत कार्यों की नियमित निगरानी करने को भी कहा। उन्होंने दोहराया कि भीषण गर्मी के दौरान “जनहित सर्वोपरि” है और प्रशासन को जनता की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा।



