बरेली
जैन मंदिर में स्थायी निःशुल्क स्वास्थ्य महाशिविर की तैयारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। शहर में पहली बार स्थायी निःशुल्क स्वास्थ्य महाशिविर शुरू करने की तैयारी को लेकर श्री महावीर निर्वाण समिति की ओर से रामपुर गार्डन स्थित जैन मंदिर में वरिष्ठ एवं सेवाभावी चिकित्सकों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य शिविर की रूपरेखा और संचालन रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। मीडिया प्रभारी सौरभ जैन ने बताया कि उद्देश्य सरकारी अस्पतालों जैसे खर्च में निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित वातानुकूलित स्वास्थ्य महाशिविर में दो दर्जन से अधिक बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर को प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित करने की योजना बनाई जा रही है। समिति के मंत्री एवं शिविर मार्गदर्शक सत्येंद्र जैन एडवोकेट ने बताया कि एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धतियों की सेवाएं भी उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही पेटेंट दवाओं पर 25 से 50 प्रतिशत तथा पैथोलॉजी व जांच केंद्रों पर जांच में 50 प्रतिशत तक छूट देने की संभावना पर भी चर्चा हुई। बैठक में शहर के अनेक वरिष्ठ चिकित्सकों व समिति पदाधिकारियों ने सुझाव दिए। अंत में केल्विन नेचुरल मिंट प्रा. लि. के प्रबंधक मनीष जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।



